जब चाहे तुम्हें हँसाऊँगा
जब चाहे तुम्हें रुलाऊंगा
तन से तुम्हारे खेलूंगा
जीवन से तुम्हारे खेलूंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
आसमान में तुम्हे घुमाऊंगा
ज़मीन पर तुम्हें गिराऊंगा
कंधे पर कभी सुलाउंगा
रातों की नींद चुराऊँगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
यादों में कभी डूबाऊँगा
ख्वाबों में कभी सजाऊंगा
मन से दूर हटाऊंगा
सीने से कभी लगाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
दाँतों के निशान बनाऊंगा
फिर वक़्त से उन्हें मिटाऊंगा
कानों में कुछ कह जाऊँगा
फिर ज़ोर से चिल्लाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
तुम्हे दूर कहीं ले जाऊंगा
फिर वहीँ छोड़ कर आऊंगा
ये दुनिया छोड़कर जाऊंगा
साथ तुम्हारे बस जाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
आँखों से तीर चलाऊंगा
भीतर तक ज़ख़्मी कर जाऊंगा
ज़ख्मों को गहरा बनाऊंगा
फिर उन पर नमक लगाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
जीवन जीना सिखलाऊंगा
हर ग़म पीना सिखलाऊंगा
तुम्हारे ख्वाबों का हर पहलू
अपनी आँखों से दिखलाऊंगा
हँसते-हँसते यूं ही तुम्हारा
हर ख्वाब पूरा कर जाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं
रूकती चलती तस्वीरों में
तुम्हें नज़र में आऊंगा
तुम्हारे घर की हर चीज़ में
घर मैं कर जाऊंगा
मुझे नोचती फिरोगी दीवारों पे
तुमको पागल कर जाऊंगा
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं