Monday, April 3, 2017

ज़िन्दगी

अगर थम जाऊं
और तेरे पास आऊं
तो थाम लेना
कुछ देर अपने आँचल में
आराम देना
ज़िन्दगी 

कुछ चाहू अगर
कहने से कतराऊं मगर
आँखों में झाँक मेरी
समझ मेरे अरमान लेना
ज़िन्दगी 

मासूम है ये नादान
समझ का कच्चा
तुझसे अनजान
राहों में छेड़ूँ तो
शरारत है मेरी
न डरना न करना परेशान
ज़िन्दगी 

तुम्हे कोई सताए तो
थोड़ा भी अगर डराए तो
रखना इस कंधे पे सर 
जितना चाहो उतना जी भर
रह लेना अपना हर ग़म कह लेना
ज़िन्दगी 


इन आंसूओं को बहने दो




इन आंसूओं को बहने दो 
होंठो पे झूठी  हंसी रहने दो 
कहना चाहे आँखें अगर कुछ 
तो आज इन्हें कहने दो 

एक दोस्त ढूंढता हूँ 
कुछ बाँटने के लिए
पर दोस्तों ने ही  बांटा है 
 मुझे  तनहा  ही रहने दो 
इन आंसूओं बहने दो 


 मरता नहीं जीवन 
सिर्फ करवटें लेता है 
इन करवटों में 
कभी ख़ुशी  कभी ग़म देता है 
जीवन को करवट लेने दो 
इन आंसूओं को बहने दो 

जागते है ख्वाब 
कभी भावनाएं जन्म लेती 
दिल दुखाती कभी 
कभी ख़ुशी से पागल कर देती 
इन ख्वाब भावनाओ को 
चुपचाप सीने में पड़ा रहने दो 
इन आंसूओं को बहने दो 

हँसते सभी मुझपर 
कहते मुझे पागल 
पर ये शब्द उनके 
तड़पाते मुझे हर पल 
समझदारो को मुझे पागल कहने दो 
इन आंसूओं को बहने दो 

मर चुका है 
जो कभी बीमार था 
लेकिन बिमारी  से पहले 
हँसता खेलता इंसान था 
जीने वालो की दुनिया में 
 मुझे मरा ही रहने दो 
इन आंसूओं को बहने दो 

इंतज़ार था जिसका इन आँखों को 
वो चुपके से ज़िन्दगी में आया 
पल दो पल की ख़ुशी देकर 
हर पल ख़ुशी को तरसाया 
इन आँखों को इंतज़ार में रहने दो 
इन आंसूओं को बहने दो 

गुज़ारिश


स्याह रातों में 
जब सुकून फैला होता है 
जुहू बीच पर हर तरफ .. 
दिन भर की थकी लहरें 
धीमे बहुत धीमे बहती है 
जैसे नींद में हो 

गीली रेत 
गीली-गीली रेत 
चमचमाती है 
जैसे सोना-चांदी बिखरा हो  

हवाएं बेफिक्र हो जाती है 
जैसे बेहद नशे में हो 
बातें भी करती है 
बहकी-बहकी 

पर ऊपर वहां 
चाँद के चेहरे पे 
शिकायत रहती है 
माथे पे बल रहते है 
होठ उदास रहते है 

मैं कोशिश करता हूँ 
जानने की 
पर खफा-खफा रहता है 
बताता नहीं मुझे 
मुंह फेर लेता है 
मनाता भी हूँ तो मानता नहीं 

फिर मुरझाई आँखों से 
तुमसे मिलने की 
अभी इस वक़्त मिलने की 
ज़िद करता है ..

ओए सुनो 
अपनी खिड़की से झांकों ज़रा 
सूरत देखों इसकी 
मेरी ना सही 
इसकी हालात पे तरस खाओ 
और मिलने  हमसे 
जुहू बीच चली आओ 

तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं

जब चाहे तुम्हें हँसाऊँगा 
जब चाहे तुम्हें रुलाऊंगा 
तन से तुम्हारे खेलूंगा 
जीवन से तुम्हारे खेलूंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

आसमान में तुम्हे घुमाऊंगा 
ज़मीन पर तुम्हें गिराऊंगा 
कंधे पर कभी सुलाउंगा 
रातों की नींद चुराऊँगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

यादों में कभी डूबाऊँगा 
ख्वाबों में कभी सजाऊंगा 
मन से दूर हटाऊंगा 
सीने से कभी लगाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

दाँतों के निशान बनाऊंगा 
फिर वक़्त से उन्हें मिटाऊंगा 
कानों में कुछ कह जाऊँगा 
फिर ज़ोर से चिल्लाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

तुम्हे दूर कहीं ले जाऊंगा 
फिर वहीँ छोड़ कर आऊंगा 
ये दुनिया छोड़कर जाऊंगा 
साथ तुम्हारे बस जाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

आँखों से तीर चलाऊंगा 
भीतर तक ज़ख़्मी कर जाऊंगा 
ज़ख्मों को गहरा बनाऊंगा 
फिर उन पर नमक लगाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

जीवन जीना सिखलाऊंगा 
हर ग़म पीना सिखलाऊंगा 
तुम्हारे ख्वाबों का हर पहलू 
अपनी आँखों से दिखलाऊंगा 
हँसते-हँसते यूं ही तुम्हारा 
हर ख्वाब पूरा कर जाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 

रूकती चलती तस्वीरों में 
तुम्हें नज़र में आऊंगा 
तुम्हारे घर की हर चीज़ में 
घर मैं कर जाऊंगा 
मुझे नोचती फिरोगी दीवारों पे 
तुमको पागल कर जाऊंगा 
तुम्हारी मर्ज़ी कुछ भी नहीं 


तेरी आदत

तेरे ख्याल
बिखरे रहते है
मेरे कमरे में
इधर उधर

तेरा नाम
तितली-सा
मेरे तकिये पे
बैठा रहता है
उड़ता रहता है

तेरी हंसी
छिपी रहती है
अलमारी में
शर्माती बहुत है
बाहर आने से

तेरी बातों से
घर के सारे दराज भरे पड़े है
मैं मुठ्ठियां  भर-भर निकाल लेता हूँ
खेलता रहता हूँ

तेरी आवाज़
दीवार बनकर खड़ी है
घर की दीवारों के आगे
जिस पे सर रख
घंटों गुज़ार देता हूं

बहुत सुकून मिलता है .. सच्ची 

मुझे ना तेरी आदत हो गयी है 

क्या करूँ ? 

नाराज़गी


मेरी ख्वाहिशों पे
रंदा-सा चलाता है कोई

मेरे  सपनों की
परतो को बुरादा बना
जलाता है

फिर हाथ सेकता है
रोटियां पकाता है ..

मेरे जिस्म को
अब रोटियां
अच्छी नहीं लगती

जलते ख्वाबों के धुंए से
आँख में आंसू भी नहीं आते

मेरी रूह मेरे जिस्म से नाराज़ रहती है 

नेगेटिव



आज लिखने का मन नहीं 
आजकल होता भी नहीं 
किसी भी काम का नहीं 
नहीं बस नहीं ..

ना नहीं 
से घिरा रहता हूँ 
जिस्म पर 
सोच पर 
नहीं
चिपका रहता है .. 

कोई कोशिश 
हिम्मत करती नहीं 
करती है तो टिकती नहीं 

नहीं का बढ़ता जाता है 
आकार .. अस्तित्व .. 
खाता है मुझे 
एक पल भी छोड़ता नहीं 

हाँ अभी..
अब हो गया है  
अब नहीं 
कभी नहीं .. 

प्रेम कहानी

जिसे देखकर मैं झूम उठता था ख़ुशी से 
प्यारी बातों की बारीश में मन भीग जाता था 
आँखों में आँखें, बांहो में बांहें, डालकर 
ज़िन्दगी का सच्चा मतलब समझ आता था 
हर लम्हे में जाने कितनी ज़िन्दगी गुज़रती थी 
खुशबू से जिसकी मन महक जाता था 
वैसे तो मैं भी हूँ समझदार-सा 
देखता उसे तो बहक जाता था 
मीठी-मीठी बातें था करता 
सारी दुनिया अपनी-सी लगती 
हर चेहरे में वो मासूम-सा चेहरा नज़र आता था 
कभी-कभी आईने में अपने अक्स मैं डर जाता था 
वो पास होती शहनशाह खुद को समझता 
अपने आगे हर कोई ग़रीब नज़र आता था 
पागल-सा फिरता था 
फूलों कलियों से बाते था करता 
उन दिनों ज़िन्दगी जीने में बहुत मज़ा आता था 

फिर कहानी में परिवर्तन आया 
प्रेम कहानी का प्रेम 
जो ठीक से शुरू भी नहीं हुआ था 
मुझसे छिनता नज़र आया 

अब सारा प्यार चहकना महकना 
नए शब्दों में बदल गया 
अब देखकर उसे थोड़ा-सा प्यार 
और बहुत-सा दर्द उभर आता है 
जिन जगहों पे कभी वक़्त बिताया था 
वहां अब भी वही दृश्य नज़र आता है 
कभी किसी की बात सुनकर 
तो कभी उसका नाम सुनकर 
यादों के अँधेरे में दिल डूब जाता है 
सब बुरे लगतें है 
कुछ भी अच्छा नहीं लगता 
अब छोटी-छोटी बात पर गुस्सा आ जाता है 
और कभी न मिलने को उस से जी चाहता है 

लेकिन प्रकृति का अदभुत इत्तेफ़ाक़ है ये कि
अक्सर वो मुझे मिल जाता है 

शायद किसी को बुरा लगता हूँ मैं 
पहले खुश था 
ज़िन्दगी में उसे भेज दिया 
ख़ुशी का वहम-सा हुआ ही था 
की वापस उसे ज़िन्दगी से खींच लिया 
अब बिना किसी के खुश रहो 
तो भी खुश रहने नहीं देता है 
कभी रास्तों पर उसके हमशक्ल 
कभी सपनों में उसे भेज देता है

अब क्या करें जहाँ प्यार मिले 
बिछड़ने का डर सताता है 
कहता हूँ खुश हूँ मस्त हूँ मैं 
लेकिन छुपाने से भी 
किसी के बिछड़ने का दर्द 
कहाँ छुप पाता है। 


बारिश

जब कभी भर जाता है मन 
फ़िक्र उलझनों तकलीफो से .. 

या 
जब खाली हो जाता है 
उम्मीद प्यार खुशियों से ..

ये आ जाती है 
खुशियों से भरने 
फिक्रो को खाली करने 

मन के रोम-रोम 
जिस्म के पोर-पोर को डूबाने

कौनों-कौनों में जमी 
हर फ़िक्र 
उलझन 
दर्द 
को पिघलाने 

जैसे गंगा में डुबकी 
कर देती है पवित्र 

कुछ वैसे ही 
बरसती है 
बारिश 

मन 
जिस्म 
रूह 
को पवित्र करती है ..