Monday, April 3, 2017

गुज़ारिश


स्याह रातों में 
जब सुकून फैला होता है 
जुहू बीच पर हर तरफ .. 
दिन भर की थकी लहरें 
धीमे बहुत धीमे बहती है 
जैसे नींद में हो 

गीली रेत 
गीली-गीली रेत 
चमचमाती है 
जैसे सोना-चांदी बिखरा हो  

हवाएं बेफिक्र हो जाती है 
जैसे बेहद नशे में हो 
बातें भी करती है 
बहकी-बहकी 

पर ऊपर वहां 
चाँद के चेहरे पे 
शिकायत रहती है 
माथे पे बल रहते है 
होठ उदास रहते है 

मैं कोशिश करता हूँ 
जानने की 
पर खफा-खफा रहता है 
बताता नहीं मुझे 
मुंह फेर लेता है 
मनाता भी हूँ तो मानता नहीं 

फिर मुरझाई आँखों से 
तुमसे मिलने की 
अभी इस वक़्त मिलने की 
ज़िद करता है ..

ओए सुनो 
अपनी खिड़की से झांकों ज़रा 
सूरत देखों इसकी 
मेरी ना सही 
इसकी हालात पे तरस खाओ 
और मिलने  हमसे 
जुहू बीच चली आओ 

No comments:

Post a Comment