Friday, December 7, 2012

लम्हे

चुरा लाया हूँ मैं कुछ लम्हे वक़्त से 
लिए फिरता हूँ मुट्ठियों में 

ये मेरे है 
सिर्फ मेरे 
मुझे चाहिए थे कब से ..
जानता हूँ बुरा है चोरी करना 
पर भला क्या है नहीं जानता ..
इसलिए चुरा लाया हूँ 

इसे कोई फर्क नहीं  
ये तो चलता है मुसलसल 
अपनी ही रफ़्तार से 
कुछ घटा बढ़ा भी नहीं .. 

कितना माँगा भी था मैंने 
पर तब तो धकेल दिया था इसने 
रात से दिन और दिन से रात के पास 
कहा था 
मांगने से तो मिलता नहीं कुछ भी 
इसलिए चुरा लाया हूँ 
और जानता हूँ बुरा है चोरी करना 
पर भला क्या है नहीं जानता 

कितना जिद्दी है ये वक़्त 
जबसे पता चला है पीछा ही नहीं छोड़ता 
जो मेरे है सिर्फ मेरे 
मुझसे छीन लेना चाहता है 
खुलवा लेना चाहता है मुट्ठिया मेरी ..
लबालब भरे है 
सात समंदर खुद के पास 
और मरा जाता है दो मुट्ठियों के लिए ..
मुझे भाग जाना है बहुत दूर 
इसकी सुइयों की टिक टिक टक टक से बहुत दूर 
कि ये सिर्फ मेरे है 
चाहिए थे मुझे कब से ..
हाँ जानता हूँ बुरा है चोरी करना 
पर भला क्या है 
नहीं जानता।

अब छोड़ देगा सबको मेरे पीछे 
कैसे भी मुट्ठिया खुलवाने की कोशिश करेगा 
चिपक जाएँगे लाखो ख्याल हाथो से 
उंगलियों तक को नोच खाने की कोशिश करेंगे ..
पर मैं नहीं खोलूँगा 
कि इनमे बंद है 
वो चंद  लम्हे ..
जो सिर्फ मेरे है।

किसी भी हद तक जाने से बाज़ नहीं आएगा 
भेजेगा सपनो को 
खूबसूरत से रूप देकर ..
प्यार से सहलाएगा ..
एक एक कर खींच ले जाएगा 
ये लम्हे मेरे ..
पर आँखे खुली है मेरी 
और बंद है मुट्ठी 
सपनो की धूल झोंक नहीं पाएगा 
उस हद तक लडूंगा 
जिस हद तक जाएगा 
कहा तो कितनी बार 
मेरे है ये लम्हे ..
सिर्फ मेरे ..
मानता और जानता हूँ
 बुरा है चोरी करना 
पर भला क्या है नहीं जानता।

सारे षड़यंत्र इसके नाकाम हुए है 
हर कोशिश भी हांफ रही है 
गुस्से में लाल है 
खा जाना चाहता है आँखों ही से ..

हर आवाज़ को भेजेगा ये 
अब हर इंसान पूछेगा मुट्ठी में क्या है ..
पर 
हर आवाज़ से बेख़बर 
हर इंसान को बताऊंगा 
"कुछ लम्हे है"
जो मेरे थे और मेरे है 
सिर्फ मेरे 
जो चुराए है मैंने इससे 
इस वक़्त से ..
कि दिए नहीं कभी इसने मांगने पर ..

पर दिखाऊंगा नहीं 
चीढाउंगा इसे  ..  उकताने की हद तक ..
उस हद तक 
जब खुद कहेगा मुझसे 

ये लम्हे तेरे है .. सिर्फ तेरे ..
खोल दे मुट्ठी और जी ले इन्हें।

No comments:

Post a Comment