Monday, April 1, 2013

और मेरी मर्ज़ी ???


नहीं आती, न आये
नींद है
इसकी मर्ज़ी !

नहीं जाती, न जाये
ऊब है
इसकी मर्ज़ी !

आते है, तो आ जायें
ख्वाब है
इनकी मर्ज़ी !

नहीं आते, न आयें
पैसे है
इनकी मर्ज़ी !

भरता है, तो भर जाये
खालीपन है
इसकी मर्ज़ी !

खाली करता है, तो कर जाये
नशा है
इसकी मर्ज़ी !

उड़ना है, तो उड़ जायें
ख्वाहिशे है
इनकी मर्ज़ी !

जुड़ना है, तो जुड़ जाये
बुरा वक़्त है
इसकी मर्ज़ी !

रहना है, तो रह जाये
दर्द है
इसकी मर्ज़ी !

सहना है, तो सह जाये
मन है
इसकी मर्ज़ी !

गलना है तो गल जाए
बदन है
इसकी मर्ज़ी !

जलना है तो जल जाए
एहसास है
इनकी मर्ज़ी !

बढती है, तो बढती रहे
ज़रूरत है
इसकी मर्ज़ी !

घटती है, तो घटती रहे
उम्मीदे है
इनकी मर्ज़ी !

कहती है, तो कहती रहे
दुनिया है
इसकी मर्ज़ी !

चुप रहती है, तो चुप रहे
तन्हाई है
इसकी मर्ज़ी !

भागती है, तो भागती रहे
मुहब्बत है
इसकी मर्ज़ी !

जागती है, तो जागती रहे
वहशत है
इसकी मर्ज़ी !

रुकना है, तो रुक जाये
साँसे है
इनकी मर्ज़ी !

चलना है, तो चल पड़े
ज़िन्दगी है...
इसकी मर्ज़ी !
-------------------------------------------------- सोहन चौहान

No comments:

Post a Comment