आड़ी-तिरछी,
ऊँची-नीची,
लम्बी-छोटी
गोल - गोल
खुद पे चढ़ती-उतरती
क़त्ल होती
क़त्ल करती
ये उलझनें
साँसों को सांप-सी डसती
दिमाग़ में बिच्छू-सी बसती
जिस्म के हर अंग को ज़हरीला करती
ये उलझनें
वक़्त को अलसाती
उलझाती जाती
बस गोल घूमती
और घुमाती जाती
ये उलझनें
कभी आँखों से टपक जाती
भीगती
और भिगाती
ये गीली गीली उलझनें
और सूखी उलझनें …
खून को सुखाती
जिस्म को गलाती
हर एहसास ख्य़ाल को कच्चा चबा जाती
यहाँ से वहाँ
वहाँ से यहाँ
इधर से उधर
उधर से इधर
शुरुआत से अंत तक
अंत से अनंत तक
बस घूमती ...
घुमाती ...
अपने ही जिस्म से,
अपनी जड़े कुचलती
जितनी मरती
उतनी और ज़िंदा हो जाती
ये उलझनें
नोच के फेंक देना चाहता हूँ
खाली कर देना चाहता हूँ
दिमाग़ को,
उलटता पलटता हूँ,
झटकता हूँ
पटकता हूँ
पर ख़ाली नहीं होती ..
और भर जाती
ये उलझनें
अँधेरे की शक्ल में
आँखों से रंगो का वजूद मिटाती
हर रंग सफ़ेद ..
सफ़ेद से काला होता जाता
और
मुस्कुराती
ये गाढ़ी काली काली उलझनें
तुमसे टकराए अगर
तो सीने में मत पालना
जान से मार डालना
कैसे भी अगर मर पाये
ये उलझनें।
No comments:
Post a Comment