मेरी कविताएं, मेरी इसीलिए है ये मैंने कभी फुर्सत में तो कभी वक़्त से वक़्त चुरा के लिखी है। कुछ अच्छी है, कुछ उतनी अच्छी नहीं है। । पर जैसी भी है मेरी है.. मेरे दिल के करीब है, इन कविताओ को कागज़ों से उठाकर इस ब्लॉग पर चिपकाने का मक़सद भी यहीं है कुछ यार दोस्त कभी ये कविताएं पढ़ पाए (सुनते तो है नहीं मुझसे)
Monday, April 19, 2010
आखिर अभिनेता है !
वहाँ पहुचना
पहुचकर,
सभी को देख मुस्कुराना
मुस्कराहट के साथ हाथ मिलाना
कुछ से हाथ मिलाना भूल भी जाना
आराम से बैठते है
चाय पीते है ..
फिर ऐसी बाते कानो में गिरती है
जो बिलकुल नई नहीं होती
रोजाना की तरह
उन पर हम हँसते है..
आखिर अभिनेता है !
बड़े मज़े में
सिगरेट जेबों से बाहर
निकलती है
वैसे भी सिगरेट के बिना
चाय अधूरी है,
जैसे ही सिगरेट का धुँआ
गले से नीचे उतरता है
पेट से धुए में लिपटे
रोचक और गंभीर शब्द
बाहर निकलते है ..
कुछ पुरानी प्रेम कहानियाँ
फूट पड़ती है
या किसी के चरित्र का विषलेषण होता है !
कभी खुद से कम उम्र के किसी लड़के को
जो किसी लड़की की ओर आकर्षित है
प्रेम में सफल होने के
ऐसे ऐसे समीकरण बताते है
जो हमने कभी खुद
इस्तेमाल किये होते
तो आज अकेले न होते ..
लेकिन इन लडको की मदद
करके अजीब - सी ख़ुशी मिलती है
आखिर अभिनेता है !
हमारी सलाह से प्रभावित होकर
(या शायद बात कोई और हो
पर हमें तो यही लगता है )
ये लड़के कुछ पकाने का आदेश
कैंटीन वाले भाई साहब को दे डालते है,
और ये कैंटीन वाले भाई साहब,
पहले मुश्किल से कुछ
पकाने को राज़ी होते है
फिर पकाते भी इतने
नीरस और बेरुखे ढंग से है कि
पकने वाली चीज़ ही इनसे कह उठे
कि हमें पका ही क्यों रहे हो ?
खैर ! जैसे ही ये बेस्वादी पकवान
हमारे सामने पककर तैयार होता है
हम जन्म जन्म के भूखो कि तरह
उस पर टूट पड़ते है
और पलक झपकते ही
खाली प्लेट सामने होती है ..
वैसे ये भी एक प्रकार की प्रोतियोगिता होती है
जिसमे वही जीतता है
जिसकी पकवान के साथ समझ अच्छी होती है
और इस प्रतियोगिता में जीतना
सभी का सपना है
हो भी क्यों न ?
आखिर अभिनेता है !
अंतरालो के साथ
सिगरेट जारी रहती है
सिगरेट पीने की जगह भी
दो चार फुट बदलती है
ज़िन्दगी के सभी
अच्छे बुरे अनुभव
जैसे जैसे जिसे जिसे
याद आते है
अपनी पूरी कल्पना का
जोर लगा के उगल देते है
अगर ये अनुभव
सुखद हो तो ठीक
थोड़े भी दुखद हुए तो
एक और सिगरेट सुलगा लेते है
कभी कभी
जिसकी सिगरेट है उसकी मर्ज़ी के खिलाफ
आखिर अभिनेता है !
ये अमर बाते होती रहती है
इस बीच कितनी ही
सिगरेट अपना अस्तित्व
खो चुकी होती है
जब घड़ी पर नज़र पड़ती है
तो वक़्त घर लौट जाने का
इशारा करता है
आज फिर कुछ नहीं किया
सभी को एक साथ ख्याल आता है
लेकिन क्या हुआ ?
कल करेंगे
उम्मीद में वापस
लौटने की तैयारिया होती है
कौन कैसे आया ?
हेलमेट है ?
किसे कहाँ छोड़ना है ?
इस तरह के प्रशन होते है
कुछ ही पलो में
ये जगह
जो ऐसे अभिनेताओ से भरी थी
जो अभिनय कम, बाते ज्यादा करते है
अब खाली होती है
बस
यहाँ सिगरेट के टुकड़े, राख, खाली कप - प्लेट
रह जाते है
हम फिर आते है
इन राख और सिगरेट के टुकडो को बटोरते है
जिनमे कितनी ही बाते सुलगी थी
इन खाली कप प्लेटो को ताकते है
जिनके साथ कितनी ही बाते खाई पी थी
ये सब क्या है ?
फिर ख्याल आता है
आखिर अभिनेता है !
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment