Monday, April 19, 2010

कुछ अजीब है !


आज न
जाने क्यों
कुछ अजीब है !

घर के बाहर
जो रेत का ढ़ेर है
उस पर बच्चे खेल रहे है !

अक्सर बच्चो को डांटने वाला
वो मोटा आदमी
आज
बच्चो के साथ खेल रहा है !

गली की गाय पर
भोंकने वाले कुत्ते
आज
शांत है और
गाय के साथ चल रहे है !

आज
न तो सड़क पर
कोई थूक रहा है
न ही कूड़ा फ़ेंक रहा है !

बच्चो ने जो रेत
सड़क पर बिखेरा है
एक व्यक्ति
जिसका रेत से कोई सम्बन्ध नहीं
उसे समेट रहा है !

गली में सब्ज़ी बेचने वाले ने
सब्जी का दाम न जाने
कैसा बताया है ?
कि
आज
उस औरत ने
बिना चिंता और मोल भाव के
उसी दाम पर
सब्ज़ी खरीद ली है !

आज
न कोई तेज़ी से गली में
बाइक दौड़ा रहा है
और न ही लोग
बाइक और साइकिल वालो पर
उनके दूर निकल जाने के बाद
चिल्ला रहे है !

आज
ये आसमानी पक्षी
जो मेरे साये से भी घबराते है
मेरे हाथ से हाथ भर
दूरी पे बैठे चहचहा रहे है !

आज
एक रुमाल
जो किसी छत से उड़कर आ गिरा है
एक व्यक्ति
उसे झाड़ता हुआ
उसी घर में
लौटाने जा रहा है !

आज
सामने का बड़ा घर
और उसमे रहने वाले बड़े लोग
अपने सामने के ही
छोटे घर के लोगो से
बेझिझक बिना मुंह बनाये
बात कर रहे है !

आज
वो गली के उस पार से
आने वाली लड़की
नज़रे उठाकर चल रही है
नुक्कड़ पे खड़े लड़के
न तो उसे देख रहे है
और न ही उसे देखकर कुछ बोल रहे है,
आपस में बात करने में भी
गालियों का प्रयोग थोडा कम है !

आज
कभी बच्चो के खेलने की
कभी मंदिर से भजन की
कभी मस्जिद से अज़ान की
तो कभी गुरूद्वारे से गुरुवाणी की
आवाज़ सुनाई दे रही है
और ये आवाज़े
हवाओं में घुल सी गई है !

आज
ये कानो को अच्छी ज़्यादा
शोर कम लग रही है !

आज
सब यही है
फिर भी ?
सब साफ़ और ख़ूबसूरत है !

आज
सचमुच कुछ अजीब है !
आज सचमुच कुछ अजीब है !





No comments:

Post a Comment